सीवान : बिहार दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में नटपा की नन्ही नृत्यांगना अभ्यांशी ने जमकर बटोरी वाहवाही, डीएम ने अपने हाथों से किया पुरस्कृत
सीवान || बिहार दिवस के अवसर पर कला संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसका जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया.

वहीं कार्यक्रम की शुरुआत शहर की प्रसिद्ध संस्था नृत्योदय द परफॉर्मिंग आर्ट्स (नटपा) की प्रशिक्षु नृत्यांगनाओं श्रेया द्विवेदी, अंजली कुमारी, दीक्षा रानी एवं अभ्यांशी द्वारा गणेश वंदना नृत्य से हुई.

इस नृत्य में नटपा की प्रशिक्षु नृत्यांगना अभ्यांशी ने भगवान गणेश की भूमिका अदा करते हुए अपने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य से टाउन हॉल में बैठे अधिकारियों से लेकर सभी दर्शकों का मन मोह लिया और जमकर वाहवाही बटोरी. नौ वर्षीया अभ्यांशी की भाव-भंगिमा और नृत्य प्रतिभा को देख पूरा टाउन हॉल लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

वहीं गणेश वंदना के बाद नटपा की नृत्यांगनाओं श्रेया द्विवेदी, अंजली कुमारी एवं दीक्षा रानी द्वारा शिव स्तुति पर कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गई. जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए. दोनों नृत्यों का निर्देशन दरौली के श्रीमती ललिता देवी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज की प्लस टू संगीत शिक्षिका श्वेता कुमारी ने किया.

वहीं कार्यक्रम की समाप्ति पर जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने अपने हाथों से नृत्य निर्देशिका श्वेता कुमारी सहित नटपा की सभी प्रशिक्षु नृत्यांगनाओं को पुरस्कार स्वरूप मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. मौके पर जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव, जिला जन संपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार एवं शिक्षाविद् गणेश दत्त पाठक सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहें. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).