सीवान : दो माह की हड़ताल के बाद बड़हरिया सीओ ने संभाला कार्यभार, कामकाज हुआ शुरू
सीवान || जिले बड़हरिया प्रखंड के अंचल कार्यालय में सोमवार को कार्य व्यवस्था सामान्य होती दिखी, जब सीओ सरफराज अहमद ने लगभग दो माह से चल रही हड़ताल समाप्त होने के बाद अपने पद पर योगदान दिया. उनके कार्यालय पहुंचते हीं लंबित कार्यों के निपटारे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.
बताया जाता है कि हड़ताल के कारण अंचल कार्यालय के कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. सोमवार को सीओ के योगदान के बाद जमीन संबंधित मामलों, दाखिल-खारिज, प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्यों का निष्पादन तेजी से शुरू हुआ.
वहीं सीओ सरफराज अहमद ने योगदान के बाद कहा कि अब प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्यालय में पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य किया जाएगा. सीओ के वापस कार्यभार संभालने से क्षेत्र के लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि अब रुके हुए काम जल्द पूरे होंगे. (ब्यूरो रिपोर्ट).