Abhi Bharat

सीवान : पेट्रोल की किल्लत के बीच कुमार पेट्रोल पंप पर रोड़ेबाजी, नोजल मैन घायल, दो हमलावर गिरफ्तार

सीवान || जिले से बड़ी खबर है, जहां पेट्रोल की लगातार बढ़ रही किल्लत के बीच मंगलवार को एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने के लिए मारपीट और रोड़ेबाजी की घटना हो गई. मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीवान-मैरवा रोड स्थित कुमार पेट्रोल पंप की है. हालांकि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

बताया जाता है कि पेट्रोल की नियमित आपूर्ति नहीं होने के कारण शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ताला लग गया है, जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मंगलवार को सीवान-मैरवा रोड के अधिकांश पेट्रोल पंप तेल नहीं होने की वजह से बंद रहें, जबकि कुमार पेट्रोल पंप के पास तेल होने की वजह से वहां तेल की बिक्री हो रही थी. रोड में एकमात्र इस पंप के खुले होने के कारण वहां तेल लेने वाले वाहन मालिकों और चालकों की भीड़ उमड़ पड़ी. जिसके चलते पंप पर लाइन लगाकर लोगों को पेट्रोल दिया जा रहा था. इसी बीच बाइक पर सवार कुछ लोग पहुंचे और पेट्रोल देने वाले नोजल मैन से लाइन में लगे लोगों को तेल देने की बजाए पहले अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरने की बात कहीं, लेकिन नोजल मैन ने लाइन में लगकर इंतजार करने और बारी आने पर हीं तेल देने को कहा, जिससे वे लोग भड़क गए और नोजल मैन व पंप पर मौजूद अन्य कर्मियों से हाथापाई करने लगे. इस दौरान बाइक चालकों ने पंप कर्मचारियों पर रोड़ेबाजी भी कर डाली. जिसके बाद पंप मैनेजर द्वारा मुफस्सिल थाना को फोन कर जानकारी दी गई. सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंची पुलिस ने उपद्रव मचा रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य हमलावर पंप की चाहरदीवारी फांद कर फरार हो गए.

वहीं पेट्रोल पंप के मैनेजर आशीष कुमार ने बताया कि रोड़ेबाजी में कई स्टाफ को चोटें आई हैं, जबकि एक स्टाफ नोजल मैन श्रीराम कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. मैनेजर आशीष कुमार ने बताया कि पंप पर तेल लेने आए लोगों की वजह से हमलावर ज्यादा नुकसान नहीं कर पाए, नहीं तो हमलावरों की मंशा पंप पर मारपीट और तोड़फोड़ करने के साथ-साथ पंप के कैस को लूटने की भी थी, लेकिन ग्राहकों द्वारा एकजुटता के साथ हमलावरों का विरोध किया गया, जिससे बड़ी घटना टल गई. एक लोकल यूट्यूब चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, पकड़े गए हमलावर बगल के गांव कन्धवारा के रहने वाले थे, जो कि दबंग हैं और पंप पर भी दबंगई दिखा तेल लेने के साथ-साथ लूटपाट के इरादे से आये थे. फिलवक्त, पुलिस पकड़े गए दोनों हमलावरों से पूछताछ में जुटी हुई है. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply