सीवान : जीरादेई के जमापुर बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलरी में शॉप लूट, भाग रहे लुटेरों में एक चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे, पुलिस के आने से बची उसकी जान
सीवान || जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र अंतर्गत जमापुर बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की बड़ी वारदात से इलाके में दहशत फैल गई. हथियारबंद बदमाशों ने आभूषण दुकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ करीब नौ राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के लोग सहम गए और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहीं लूट की घटना को अंजाम देने के बाद भाग लुटेरों में से एक स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. इस पूरे घटनाक्रम को किसी ने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया जो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है.

बताया जाता है कि करीब पांच की संख्या में आए अपराधियों ने आभूषण दुकान में घुसकर लूटपाट शुरू कर दी. विरोध करने पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी और लूट का सामान लेकर अपनी बाइक से भागने लगे. लेकिन एक बाइक स्टार्ट नहीं हुई. जिससे एक बाइक पर चार लुटेरे बैठकर फरार हो गए. इसी बीच स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को मौके पर हीं दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी. आक्रोशित लोगों ने उसकी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया.

वहीं घटना की सूचना मिलते हीं पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों द्वारा पकड़े गए लुटेरे को घायल अवस्था में लोगों के कब्जे से अपनी कस्टडी में ले लिया, जिससे उसकी जान बच गई. फिलवक्त, पुलिस ने पकड़े गए लुटेरे को इलाज हेतु सदर अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है. पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए अपराधी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी धनंजय यादव के पुत्र गोलू कुमार यादव के रूप में हुई है. सीवान पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, घटना में शामिल अन्य लुटेरों की भी पहचान कर ली गई है, जिन्हें जल्द हीं गिरफ्तार कर लिया जाएगा. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).
Comments are closed.