पटना : बिहार के नए मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी, लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 24वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ
पटना || बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा में जाने के बाद पिछले एक महीने से नए मुख्यमंत्री को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर बुधवार को विराम लग गया. मंगलवार को भाजपा द्वारा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता बनाए जाने की घोषणा के बाद आज लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप पद की शपथ ली.

बता दें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवा निवृत्त) सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में पूर्वाह्न 11.00 बजे आयोजित किया गया. वहीं विजय कुमार चौधरी एवं बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने उप मुख्यमंत्री के पद का शपथ लिया.

शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान, राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित सहित अन्य विशिष्ट अतिथिगण, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, गणमान्य व्यक्ति, राजनीतिक कार्यकर्त्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे. शपथ ग्रहण के पश्चात् मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सभी लोगों ने बधाई एवं शुभकामनायें दी. मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सभी का आभार जताते हुये उन्हें धन्यवाद दिया.

बता दें कि फिलहाल, सामान्य प्रशासन, गृह, सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और स्वास्थ्य व विधि सहित कुल 29 विभागों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पास रखा है, जबकि जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जन संपर्क, अल्पसंख्यक कल्याण, भवन निर्माण एवं शिक्षा सहित कुल 10 विभाग उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, वित्त, वाणिज्य कर, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा ग्रामीण कार्य सहित कुल आठ विभाग बिजेंद्र प्रसाद यादव को आवंटित किया गया है. जब तक नए मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं होगा, इन विभागों के मंत्री मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री हीं रहेंगे. मंत्रिमंडल का विस्तार के साथ हीं विभागों का बंटवारा होगा. (ब्यूरो रिपोर्ट).