सीवान : राजेंद्र पथ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रीजनल ऑफिस में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
सीवान || शहर के राजेंद्र पथ स्थित एसबीआई के रीजनल ऑफिस में सोमवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई एमएम घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब छह बजे बैंक भवन से धुआं निकलता देखा गया. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना के समय नगर थाना की गश्ती टीम मौके के पास मौजूद थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी. फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं. दमकल कर्मियों ने लगातार मशक्कत कर आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने की कोशिश की. काफी देर की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया.
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से बैंक के अंदर रखे दस्तावेज, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल, नुकसान का आकलन किया जा रहा है. आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).