Abhi Bharat

कैमूर : मोहनिया चेकपोस्ट पर आधी रात को एंबुलेंस चालक से मारपीट, उत्पाद विभाग पर गुंडागर्दी का आरोप

कैमूर / भभुआ || शराबबंदी की आड़ में उत्पाद विभाग की दबंगई फिर सामने आई है. मोहनिया समेकित जांच चौकी पर शनिवार-रविवार की रात NH-19 पर बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो से आए उत्पाद कर्मियों ने एक एंबुलेंस चालक को बेरहमी से पीट दिया. वाराणसी से मरीज छोड़कर लौट रहे एंबुलेंस को रोककर मारपीट की गई. घटना के बाद इलाके में आक्रोश है.

पीड़ित चालक के मुताबिक, वह वाराणसी से मरीज छोड़कर लौट रहा था. रात करीब एक बजे मोहनिया चेकपोस्ट पर बिना नंबर की स्कॉर्पियो से आए उत्पाद विभाग के कर्मियों ने एंबुलेंस रुकवाई, शराब जांच के नाम पर तलाशी ली गई. चालक ने एंबुलेंस में शराब न होने की बात कही तो गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी. घटना के बाद चेकपोस्ट पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए.

वहीं घटना की सूचना मिलते हीं मोहनिया पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे. चालक को चोटें आई हैं. दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि एंबुलेंस चालक ने उत्पाद विभाग के कर्मियों के खिलाफ मारपीट का आवेदन दिया है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं. जांच के बाद विधि सम्मत कार्रवाई होगी. गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है, शराबबंदी के नाम पर वाहन चालकों से मारपीट और वसूली के आरोप पहले भी लगते रहे हैं. लेकिन, एंबुलेंस जैसी आपात सेवा को रोककर चालक को पीटना गंभीर मामला है. मोटर व्हीकल एक्ट में भी एंबुलेंस को रास्ता देना अनिवार्य है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply