Abhi Bharat

सीवान : बाइक चोरी कर भाग रहे दो युवक चढ़े लोगों के हत्थे, स्मैक खरीदने पहुंचे थे आरोपी

सीवान || शहर के महिला थाना से सटे माली टोला इलाके में बुधवार की सुबह बाइक चोरी कर भाग रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माली टोला की एक गली में खड़ी बाइक को दो युवक चोरी कर लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी बाइक मालिक की नजर उन पर पड़ गई. शोर मचाते हीं आसपास के लोग जुट गए और दोनों युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया. पकड़े गए युवकों में एक की पहचान पुरानी बाजार निवासी रवि कुमार, पिता महादेव सोनी के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी समशेर नया किला का रहने वाला बताया जा रहा है.

पूछताछ के दौरान रवि कुमार ने कैमरे पर स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ फरहान और गुफरान के घर स्मैक खरीदने आया था. वहां नशा नहीं मिलने पर लौटते समय दोनों ने गली में खड़ी बाइक चोरी कर भागने की कोशिश की. घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने फरहान-गुफरान समेत इलाके में सक्रिय सभी नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं महिला थाना पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है, मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply