पटना : ‘नो व्हीकल डे’ पर पैदल सचिवालय पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
पटना || मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ‘नो व्हीकल डे’ मनाते हुए एक अलग संदेश दिया. मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास 1, अणे मार्ग से पैदल चलकर मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे और वहां पहुंचकर सरकारी कार्यों का निपटारा किया. इस दौरान वे बिना काफिले और तामझाम के कार्यालय पहुंचे, जिसे लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील के तहत उन्होंने स्वयं इसकी शुरुआत की है. उन्होंने मंत्रियों, सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों से भी सप्ताह में कम से कम एक दिन वाहन का उपयोग नहीं करने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत और वाहनों के कम उपयोग की अपील देश के भविष्य और ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश दूरदर्शी सोच का परिचायक है और इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा संसाधनों की बचत भी संभव होगी.
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की खपत में संयम बरतें तथा जहां संभव हो, पैदल चलने या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए ऊर्जा संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके. (ब्यूरो रिपोर्ट).
Comments are closed.