Abhi Bharat

सीवान : हत्या के मामले में सात वर्षों से फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तार, शहर के पालनगर से हुई गिरफ्तारी

सीवान || पुलिस को जीबी नगर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित हत्याकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने वर्ष 2019 में हुए शंकर सोनी हत्याकांड में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रंजीत चौहान उर्फ झुनझुन के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, 07 फरवरी 2019 को जीबी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पचपकड़िया में अज्ञात अपराधियों द्वारा शिवाजी नगर निवासी शंकर सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर जीबी नगर थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201, 34 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी.
तकनीकी अनुसंधान और प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त अप्राथमिकी अभियुक्त रंजीत चौहान उर्फ झुनझुन को गिरफ्तार किया. वह नगर थाना क्षेत्र के पालनगर का निवासी बताया गया है.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके विरुद्ध मुफस्सिल थाना एवं नगर थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी तथा बिहार मद्य निषेध अधिनियम से संबंधित कई मामले पूर्व से दर्ज हैं.
इस कार्रवाई में जीबी नगर थाना के थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.