सीवान : आंदर ढाला ओवरब्रिज के नीचे से 16 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार
सीवान || पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से 41 पुड़िया स्मैक बरामद किया है. गिरफ्तार तस्कर को जा भेज दिया गया है, जबकि उसके एक अन्य साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को 14 मई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना मिलते हीं नगर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस वाहन को देखते हीं दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया. पकड़े गए तस्कर ने पूछताछ में अपनी पहचान पप्पु कुमार के रूप में बताई, जो गोपालगंज जिले के थावे चीटी टोला का निवासी है. तलाशी के दौरान उसके पास से 41 पुड़िया में रखी गई कुल 16 ग्राम स्मैक बरामद की गई.
इस मामले में नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है. वहीं मामले में शामिल फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस कार्रवाई में नगर थाना के थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, शशि रंजन एवं सिपाही विकास कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).