Abhi Bharat

बनारस : विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में पर्यावरण संरक्षण अभियान शुरू

बनारस || पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 15 मई से 05 जून 2026 तक “पर्यावरण संरक्षण अभियान” की शुरुआत की गई. मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया.

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई. शपथ में दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक बदलाव अपनाने तथा परिवार, मित्रों एवं समाज को पर्यावरण के अनुकूल आदतों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया. अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है. उन्होंने कहा कि पानी और ऊर्जा की बचत जैसी छोटी-छोटी पहल से ही बड़ा परिवर्तन संभव है.।उन्होंने कर्मचारियों और नागरिकों से पहले स्वयं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाने और फिर दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की. अभियान के तहत वाराणसी मंडल के सभी कोचिंग डिपो, कार्यालयों, यूनिटों एवं प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. 15 से 18 मई तक पोस्टर, बैनर और डिजिटल संदेशों के माध्यम से यात्रियों एवं रेलकर्मियों को जागरूक किया जाएगा. वहीं 19 से 22 मई तक प्लेटफार्मों पर प्लास्टिक कचरे के निस्तारण, स्वच्छता अभियान तथा एकल उपयोग प्लास्टिक के बहिष्कार के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा. इसके अलावा 23 से 26 मई तक यात्रियों को कपड़े के थैले के उपयोग, पानी की बोतल साथ रखने एवं कूड़ेदान के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जाएगा. 27 से 30 मई तक “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण किया जाएगा. साथ हीं फिटनेस जागरूकता, ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिता तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के कार्यक्रम आयोजित होंगे. 31 मई से 04 जून तक जल एवं ऊर्जा संरक्षण पर विशेष जागरूकता अभियान चलेगा, जबकि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वहीं मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए स्वच्छ, हरित एवं सतत पर्यावरण निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (आप) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) अशोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ आरजे चौधरी सहित बड़ी संख्या में शाखाधिकारी एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहें. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.