सीवान : बड़हरिया में पान दुकानदार को चाकू मारकर 10 हजार रुपए की लूट
सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह करीब 10 बजे लूट की घटना के दौरान एक दुकानदार पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घायल दुकानदार की पहचान लाल मियां, पिता स्वर्गीय बसीर मियां के रूप में हुई है.

बताया जाता है कि लाल मियां अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे. उन्होंने पहले गुटखा खरीदा और 500 रुपये का नोट देकर छुट्टा मांगा. जैसे ही दुकानदार पैसे निकालने लगे, बदमाशों ने उनका हाथ पकड़कर मोड़ दिया और जबरन पैसे छीनने का प्रयास करने लगे. विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी. जब लाल मियां ने हिम्मत नहीं हारी तो बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू उनके पेट में लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.
वहीं घटना के बाद तीनों आरोपी करीब 10 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए. आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).