Abhi Bharat

सीवान : नौतन में दो पक्षों में हिंसक झड़प, तीन महिलाएं समेत चार घायल

सीवान || जिले के नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत साहपुर गांव में पूर्व से चली आ रही रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. इस हिंसक झड़प में तीन महिलाओं सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में चंदन बैठा, विदावती देवी, दुर्गावती देवी और प्रभावती देवी घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल नौतन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज जारी है. घायल विदावती देवी ने आरोप लगाया है कि पुरानी दुश्मनी के चलते विपक्षी पक्ष के लोगों ने मिलकर उनके परिवार पर हमला किया. उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे गांव में तनाव लंबे समय से बना हुआ है.

वहीं घटना को लेकर नौतन थाना प्रभारी जित मोहन कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply