सीवान : मैरवा में स्वर्ण व्यवसाई ऋषभ कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में स्वर्ण व्यवसायियों ने थाने के सामने दिया धरना, साजिश के तहत जेल भेजने का लगाया आरोप
सीवान || जिले के मैरवा थाना के सामने शुक्रवार को स्वर्ण व्यवसायियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने स्वर्ण व्यवसायी ऋषभ कुमार को कथित रूप से साजिश के तहत फंसाकर जेल भेजने का आरोप पुलिस प्रशासन पर लगाया. इस दौरान बड़ी संख्या में व्यवसायी थाने के बाहर एकत्रित होकर विरोध जताते हुए निष्पक्ष जांच और शीघ्र रिहाई की मांग करते नजर आए.

प्रदर्शन कर रहे व्यवसायियों का कहना था कि ऋषभ कुमार एक प्रतिष्ठित स्वर्ण व्यवसायी हैं और उन्हें बिना ठोस साक्ष्य के मामले में फंसाया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया, जिससे पूरे व्यवसायी समुदाय में आक्रोश व्याप्त है. धरना के दौरान व्यवसायियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. उन्होंने मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए.
वहीं, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई होगी. धरना-प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए थाना परिसर के आसपास माहौल तनावपूर्ण बना रहा, हालांकि पुलिस की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में रही. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).