Abhi Bharat

कैमूर : डीएम ने मछुआरों के बीच फिशिंग बोट एवं जाल पैकेज का किया वितरण

कैमूर / भभुआ || मत्स्यजीवियों के आजीविका सुदृढ़ीकरण एवं सुरक्षित मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को “नाव एवं जाल पैकेज वितरण योजना” के अंतर्गत चयनित लाभुकों के बीच फिशिंग बोट एवं जाल का वितरण किया गया. जिला पदाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों के कुल 38 मछुआरों/मत्स्य विक्रेताओं को तीन फिशिंग बोट एवं 35 फेका जाल (आइस बॉक्स सहित) का वितरण किया. कार्यक्रम में जिला मत्स्य कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही.

बता दें कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके कार्य को सुगम, सुरक्षित एवं अधिक लाभकारी बनाना है. फिशिंग बोट एवं जाल पैकेज से मछलियों की पकड़, भंडारण एवं विपणन में सहूलियत होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित होगी. वहीं डीएम ने सभी लाभुकों को कहा कि वे इन संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए मत्स्य उत्पादन एवं व्यवसाय को बढ़ाएं. साथ हीं अधिकारियों को इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत निगरानी का निर्देश दिया.

गौरतलब है कि इस पहल से मछुआरों को आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, कार्य में सुरक्षा तथा आय वृद्धि का अवसर प्राप्त होगा, जिससे जिले में मत्स्य क्षेत्र को नई गति मिलेगी. जिला प्रशासन, कैमूर द्वारा मत्स्यजीवियों के कल्याण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में इसे एक प्रभावी कदम बताया जा रहा है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply