कैमूर : शादी के 27 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति हिरासत में
कैमूर / भभुआ || जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बड़का अमांव गांव में 19 वर्षीय एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान सरिता के रूप में हुई है. उसकी शादी इसी वर्ष 5 मई 2026 को हुई थी. शादी के महज 27 दिन बाद हुई इस घटना से गांव में शोक और चर्चा का माहौल है. घटना की सूचना मिलते हीं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मृतका के पति कृष्णा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

वहीं मृतका के मायके पक्ष ने इसे हत्या का मामला बताया है. सरिता की मां ने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर मारपीट करता था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध था, जिसका सरिता विरोध करती थी, इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था और उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था.
पुलिस के अनुसार, अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं चल सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. बहरहाल, शादी के एक महीने के भीतर हुई इस संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).