Abhi Bharat

कैमूर : जिले में रसोई गैस आपूर्ति में सुधार, अप्रैल में आपूर्ति 8% बढ़ी

कैमूर / भभुआ || जिले में रसोई गैस एलपीजी की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ है. कैमूर डीएम नितिन कुमार सिंह ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट में प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण पर लगातार निगरानी रख रहा है, मार्च की तुलना में अप्रैल के पहले पखवाड़े में गैस आपूर्ति में लगभग 8 से 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. मार्च के पहले पखवाड़े में 47,000 सिलेंडरों की आपूर्ति हुई थी, जो अप्रैल में बढ़कर 49,000 हो गई.

वहीं डीएम ने बताया कि वर्तमान में जिले के पास 3,000 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि 24,000 बुकिंग लंबित हैं. जिलाधिकारी ने कहा कि 21,000 सिलेंडरों का बैकलॉग प्रतिदिन आने वाली नई खेप से जल्द पूरा कर लिया जाएगा.
आगामी शादी-विवाह और धार्मिक अनुष्ठानों को देखते हुए व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए विशेष प्रोटोकॉल बनाया गया है, जिन परिवारों में कार्यक्रम हैं, वे अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन दे सकते हैं. इन आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडेन एजेंसियों को भेजा जाएगा.

वहीं उपभोक्ताओं की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने गैस वेंडरों और एजेंसी संचालकों को फोन न उठाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने सभी एजेंसियों को उपभोक्ताओं से संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया. साथ ही जनता से भीषण गर्मी को देखते हुए गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाने और केवल होम डिलीवरी व्यवस्था का ही उपयोग करने की अपील की. पहाड़ी और सुदूर क्षेत्रों में जहां नेटवर्क की समस्या है, वहां स्थानीय प्रशासन के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply