सीवान : मैरवा में सड़क दुर्घटना में अधेड़ की मौ’त, ग्रामीणों ने किया हंगामा
सीवान || जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के मैरवा-गुठनी मुख्य मार्ग पर बभनौली गांव के समीप शनिवार की देर रात हुए सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौ’त हो गई. मृतक की पहचान 47 वर्षीय राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वे यज्ञ देखकर अपने घर लौट रहे थे और घर से महज 50 कदम की दूरी पर तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर हीं मौ’त हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार रात करीब 12:10 बजे एक बाइक पर सवार तीन युवक तेज गति से जा रहे थे. इसी दौरान बभनौली गांव के पास सड़क किनारे पैदल जा रहे राजकुमार शर्मा को बाइक ने टक्कर मार दी, हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर हीं मौ’त हो गई. वहीं घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाइक सवार एक युवक कृष्णा कुमार राम, निवासी भठही थाना गुठनी, को हिरासत में ले लिया. हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय आरोपी को पकड़ने में व्यस्त रही, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया.
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब मैरवा रेफरल अस्पताल में मौजूद चिकित्सक पर बिना समुचित जांच किए मृ’तक को दवा लिखकर रेफर करने का आरोप लगा. इससे नाराज ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति तनावपूर्ण होती देख सरपंच प्रतिनिधि जुनैद अंसारी और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया. ग्रामीणों का आरोप है कि बाइक चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था. मृ’तक राजकुमार शर्मा अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. बताया गया कि उनके बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. फिलहाल, पुलिस ने श’व को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीवान भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).