Abhi Bharat

कैमूर : पिकअप की टक्कर से शिक्षिका की मौत, परिजनों ने की जिला प्रशासन से तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग

कैमूर / भभुआ || जिले के भभुआ-दरौली मार्ग पर स्थित महमूदिया बहेरी मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में उत्क्रमित मध्य विद्यालय रुइया की सहायक शिक्षिका हसीना बानो की मौत हो गई, जबकि उनके पति रियासत अंसारी को मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

मृतका के पति रियासत अंसारी ने बताया कि उनकी पत्नी पारिवारिक जनगणना कार्य पूरा कर बाइक से घर लौट रही थीं. इसी दौरान भभुआ-दरौली पथ पर महमूदिया बहेरी मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि हसीना बानो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति को सामान्य चोट आई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. हसीना बानो उत्क्रमित मध्य विद्यालय रुइया में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं और अपने व्यवहार व कार्यशैली के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थीं.

वहीं हादसे की सूचना मिलते हीं राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सह पैक्स अध्यक्ष असलम अंसारी और बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी संतोष कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया.
फिलवक्त, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है. इस घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply