Abhi Bharat

कैमूर : डीएम ने किया जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का उद्घाटन, पूर्व सैनिकों को अब नहीं जाना पड़ेगा सासाराम

कैमूर || जिले के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण रहा. डीएम नवीन कुमार सिंह ने आज जिला मुख्यालय भभुआ में चकबंदी सड़क स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का विधिवत फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया.

इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों ने लंबे समय से चली आ रही अपनी महत्वपूर्ण मांग पूरी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की. अब जिले के हजारों पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को सैनिक कल्याण से संबंधित कार्यों के लिए सासाराम जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. वहीं उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन पूर्व सैनिकों के सम्मान एवं कल्याण के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है. उन्होंने आश्वस्त किया कि सैनिक कल्याण कार्यालय के स्थायी भवन हेतु शीघ्र उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, ताकि पूर्व सैनिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें. उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने वाले वीर जवानों एवं उनके परिवारों का सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.

वहीं जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह कार्यालय जिले के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए समर्पित सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा. उन्होंने दूर-दराज क्षेत्रों से आए पूर्व सैनिकों से अपील करते हुए कहा कि वे कार्यालय में अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके. पूर्व सैनिक संघ (कैमूर) के जिलाध्यक्ष कैप्टन त्रिवेणी साह ने जिला प्रशासन एवं सैनिक कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यालय के खुलने से जिले के पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत मिली है. उन्होंने कहा कि अब पेंशन, पहचान पत्र, कल्याणकारी योजनाओं एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दूसरे जिले का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे समय एवं संसाधनों दोनों की बचत होगी. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.