Abhi Bharat

सीवान : पर्यटन मंत्री का यमुना गढ़ पर हुआ भव्य स्वागत, यमुना गढ़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की जगी आस

सीवान के बड़हरिया में शनिवार को बिहार के पर्यटन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री नारायण प्रसाद का प्रखंड के ऐतिहासिक यमुना गढ़ स्थल पर पहुंचे, जहां गाजे-बाजे के साथ फूल माला पहनाकर एवं अंग वस्त्र से उन्हें सम्मानित किया गया. सांसद प्रतिनिधि अनुरंजन मिश्रा और प्रखंड प्रमुख पति प्रदीप सिंह के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया.

शनिवार को यमुना गढ़ देवी मंदिर में माथा टेकने के बाद उन्होंने आशीर्वाद मांगा. इस मौके पर पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद ने कहा कि जिले में पर्यटन का विकास किया जाएगा. बड़हरिया के यमुना गढ़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. तत्पश्चात यमुना गढ़ स्थित विवाह भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान बड़हरिया की जनता की बहुप्रतीक्षित यमुना गढ़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर लोगों की मांग सामने आई. जिस पर पर्यटन मंत्री ने प्रखंड अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को तलब किया, लेकिन अंचलाधिकारी किसी कारणवश अनुपस्थित थे. उनकी अनुपस्थिति में प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार ने यमुना गढ़ के बारे में जमीनी हकीकत का उल्लेख मंत्री के सामने प्रस्तुत किया और यह भी कहा कि बड़हरिया की जनता की बहुत पुरानी मांग है की यमुना गढ़ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो.

इस पर माननीय पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार यहां आने की बात कही जाती थी. लेकिन यहां आने के बाद हमको बहुत सुकून महसूस हुआ और यहां आने के बाद लगा कि यह स्थान दर्शनीय है पर्यटनीय है. यह स्थल जिला मुख्यालय और प्रखंड मुख्यालय के मुख्य सड़क के किनारे अवस्थित है, लेकिन सरकारी काम बिना कागजात का कोई कार्य नहीं किया जा सकता. इसलिए अपने अंचलाधिकारी से इसका डिटेल्स ले लिया जाए और हमारे पास लाया जाए. आप सारी जनता की बात जरूर सुनेंगे. आप लिखित लोगों का हस्ताक्षर करा कर और इसकी पर्यटनीय पुरानी कहानी के साथ जोड़कर हमको देंगे. आप लोग प्रयास करेंगे कि यहां पर्यटन स्थल बने दर्शनीय स्थल बने तो मेरे द्वारा जरूर प्रयास किया जाएगा और आगे की कार्रवाई जरूर दिखाई देगी.

मंत्री के एस्कॉर्ट टीम में बड़हरिया थाना के एसआई सैयद हसन अपने दल बल के साथ शामिल थे. मौके पर भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि अनुरंजन मिश्रा प्रखंड प्रमुख पति प्रदीप सिंह, उप प्रमुख हरिहर साह प्रखंड उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश सोनी, प्रखंड महामंत्री मनोज कुशवाहा, प्रखंड उपाध्यक्ष सुरेश पांडेय, शिवनाथ कुशवाहा, सच्चिदानंद गिरी बाबूलाल प्रसाद, विनोद पांडेय, सतेंद्र साह, मुन्ना प्रसाद, राजेश शर्मा, जितेंद्र सिंह पटेल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे. (राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.