कैमूर : प्रतिबंधित दवाओं को लेकर मेडिकल दुकानों की जांच, दवा माफियाओं में हड़कंप
कैमूर / भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह के निर्देश पर पूरे जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिससे दवा माफियाओं में हड़कंप मच गया है. यह कार्रवाई युवाओं में बढ़ते नशा को देखते हुए किया गया है, और आगे भी जांच चलता रहेगा.

मिली जानकारी के अनुसार, अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की शिकायतों के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई जांच दलों का गठन किया. इन टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया, जहां दवा दुकानों की सघन जांच की गई. जांच के दौरान रामगढ़ प्रखंड के दुर्गा मेडिकल हॉल और लक्ष्मी मेडिकल हॉल, मोहनिया के नीरज मेडिकल हॉल, भभुआ के अग्रवाल मेडिकल हॉल, न्यू विशाल मेडिकल हॉल और अलियार राम गंगा राम मेडिकल हॉल में छापेमारी कर निरीक्षण किया गया.
बता दें कि प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई भी दुकानदार प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री या भंडारण में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें. वहीं उत्पाद अधीक्षक गौतम कुमार ने बताया कि युवाओं में बढ़ते नशा को देखते हुए दवा दुकानों पर छापामारी किया जा रहा है, क्योंकि अभी नए उम्र के युवा मेडिकल स्टोर नशा का इंजेक्शन खरीद कर उसे नशा के लिए उपयोग कर रहे हैं, इसी के रोक थाम को लेकर यह जांच किया जा रहा है. अभी मोहनिया में दो मेडिकल दुकानों पर जांच किया गया है, जिसमें कुछ बरामद दवाओं का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी, यह जांच अभी आगे भी जारी रहेगी. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).