Abhi Bharat

कैमूर : सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित, स्वास्थ्य सेवा से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों ने स्वेच्छा से किया रक्तदान

कैमूर / भभुआ || सदर अस्पताल में हो रही रक्त की कमी को दूर करने एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अस्पताल में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. जिसमें जिला स्वास्थ्य समिति के सभी पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वेच्छा से रक्तदान किया.

वहीं सिविल सर्जन डॉ चंदेश्वरी रजक ने कहा कि रक्तदान एक महान और जीवनदायी कार्य है, एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है, स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा इस प्रकार की पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. वहीं जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से न केवल रक्त की कमी को पूरा किया जा सकता है, बल्कि आमजन में भी रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है.

शिविर के दौरान सभी प्रतिभागियों को रक्तदान के लाभों एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग भविष्य में इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें. साथ हीं सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.