सीवान : सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौ’त, गांव में पसरा मातम
सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की मंगलवार की रात इलाज के दौरान मौ’त हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

मिली जानकारी के अनुसार, मुर्गिया टोला निवासी करीब 50 वर्षीय फारुख खान (पिता स्व मदीना खान) सोमवार को सीवान से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कर्बला बाजार से लगभग 100 मीटर आगे पीछे से आ रही एक काले रंग की थार गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फारुख खान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. परिजन उन्हें सीवान के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया. वहीं गोरखपुर में इलाज के दौरान मंगलवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया.
मौ’त की खबर मिलते हीं परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया. बुधवार को परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे. सूचना मिलने पर बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम करीब 5 बजे उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों ने प्रशासन से फरार थार चालक की शीघ्र पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).