सीवान : 15 वर्षीय किशोर का अपराधियों ने किया अपहरण, पुलिस ने एक घंटे के अंदर अपहृत को सकुशल किया बरामद
सीवान || जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव से शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने एक 15 वर्षीय किशोर का अपहरण कर लिया. वहीं अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अपनी सक्रियता दिखाते हुए उसे महज एक घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया. अपहृत की बरामदगी गोपालगंज जिले के जिला परिषद परिषद कार्यालय के पास से हुई. हालांकि किशोर का अपहरण क्यों और किसके द्वारा किया गया था, पुलिस ने अभी तक इसका खुलासा नहीं किया है.

मिली जानकारी के अनुसार, सूर्यपुरा गांव निवासी रंजय सिंह के पुत्र गुलशन कुमार उर्फ बुलबुल का शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया. घटना की सूचना मिलते हीं लकड़ीनबीगंज थाना सहित पूरा पुलिस महकमा सक्रिय हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीपीओ अमन एवं कई थानों की पुलिस टीम के साथ जिला आसूचना इकाई मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. अपहृत किशोर की शीघ्र बरामदगी के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अमन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाया. साथ ही मोबाइल लोकेशन के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की गई. इसी क्रम में लकड़ी नबीगंज थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार, भगवानपुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार एवं आसूचना इकाई की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अपहृत गुलशन को गोपालगंज जिले के जिला परिषद कार्यालय के समीप से घटना के महज एक घंटे के अंदर हीं सकुशल बरामद कर लिया गया. इसके बाद पुलिस टीम उसे सुरक्षित बसंतपुर थाना लेकर आई, जहां उससे घटना की पूरी जानकारी ली जा रही है.
वहीं घटना के संबंध में अपहृत के बड़े भाई मुकुंद सिंह ने बताया कि सुबह एक मोबाइल कॉल आने के बाद गुलशन गांव के मसान माई स्थान की ओर गया था, जहां से अपराधियों ने उसका अपहरण कर लिया और मदारपुर की ओर भाग निकले. हालांकि गुलशन का अपहरण क्यों और किसके द्वारा किया गया था, इसका खुलासा नहीं हो सका है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा अपहरण में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).