Abhi Bharat

कैमूर : बकरीद को लेकर चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित

कैमूर / भभुआ : जिले के चैनपुर थाना परिसर में शनिवार को बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी अनिल प्रसाद, बीडीओ शुभम प्रकाश, पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार एवं थानाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से की. बैठक में थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों की समीक्षा करते हुए पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

वहीं अंचलाधिकारी अनिल प्रसाद ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है, इसलिए सभी समुदायों की सहभागिता जरूरी है, उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो और कहीं भी अप्रिय घटना न घटे.बीडीओ शुभम प्रकाश ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से बकरीद मनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है. उन्होंने कहा कि कुर्बानी के इस महापर्व को सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाए तथा खुले स्थानों पर कुर्बानी देने से बचें. पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी और लगातार निगरानी रखी जाएगी.

बैठक में हाटा नगर पंचायत के चेयरमैन रमेश जायसवाल, लड्डन खान, अनिल केशरी, सज्जन खान सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने प्रशासन को सहयोग करने तथा क्षेत्र में शांति बनाए रखने का भरोसा दिलाया. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.