सीवान : पोखरे में डूबने से दो बच्चों की मौ’त, गांव में पसरा मातम
सीवान || जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के पिनर्थू खुर्द पंचायत अंतर्गत पसीवड़ धानुक टोला गांव में सोमवार की दोपहर दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की पोखरे में डूबने से मौ’त हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृ’तकों की पहचान गांव निवासी मुन्ना महतो के 10 वर्षीय पुत्र बीरू कुमार तथा अमित कुमार के 11 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों बच्चे अपने दोस्तों के साथ गांव के चवर में खोदी गई एक निजी पोखरे में नहाने गए थे. इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के लिए दूसरा बच्चा भी पानी में उतर गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया. साथ में नहा रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी. आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला गया. लेकिन, तब तक दोनों की मौ’त हो चुकी थी. घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि जिस पोखरे में हादसा हुआ वह काफी गहरा है और वहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. वहीं इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).