कैमूर : भभुआ नगर परिषद की विशेष बैठक में सफाई, लाइट और कार्यशैली पर गरमाई बहस, सांसद ने सौहार्द से काम करने की दी नसीहत
कैमूर/भभुआ || शनिवार को नगर परिषद सभागार भभुआ में नगर परिषद सभापति विकास तिवारी उर्फ बबलू तिवारी की अध्यक्षता में एक विशेष बोर्ड की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सासाराम लोकसभा सांसद मनोज कुमार एवं भभुआ विधानसभा विधायक भरत बिन्द विशेष रूप से उपस्थित रहें. साथ हीं कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय, उप सभापति रबिता पटेल, नगर परिषद के सभी वार्ड पार्षद एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.

बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की समस्या प्रमुख मुद्दा रही. वार्ड पार्षदों ने नगर के विभिन्न मोहल्लों में नियमित सफाई नहीं होने तथा कई स्थानों पर लाइट खराब रहने की शिकायत उठाई. पार्षदों ने कहा कि आम जनता इन बुनियादी समस्याओं से परेशान है, जिससे नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. इस दौरान वार्ड संख्या 24 के पार्षद परमानंद केशरी ने कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे कार्यों के संदर्भ में बातचीत करने से बचते हैं और उचित जवाब नहीं देते. उन्होंने आरोप लगाया कि उनका मोबाइल नंबर तक ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है, जिससे जनहित से जुड़े मामलों पर संवाद बाधित हो रहा है. वहीं अन्य वार्ड पार्षदों ने भी कार्यपालक पदाधिकारी पर मनमर्जी से कार्य कराने का आरोप लगाया और कहा कि विकास योजनाओं में जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया जाता. वहीं नगर परिषद सभापति विकास तिवारी ने भी कहा कि पास होने वाली योजनाओं के बारे में हमसे भी छिपाया जाता है.
वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद मनोज कुमार ने नगर परिषद पदाधिकारिय एवं पार्षदों से आपसी सौहार्द और समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की.उन्होंने कहा कि शहर का विकास तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर काम करें. सांसद ने भरोसा दिलाया कि अगली बैठक में पिछली बैठक की समपुष्टि के साथ सभी मुद्दों पर गहन चर्चा की जाएगी और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे. वहीं भभुआ विधायक भरत बिन्द ने भी नगर की समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है. बैठक में यह सहमति बनी कि सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.
बैठक के अंत में सभापति विकास तिवारी ने सभी पार्षदों और पदाधिकारियों से सकारात्मक माहौल में कार्य करने की अपील की, ताकि भभुआ नगर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाया जा सके. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).