Abhi Bharat

सीवान : कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के दौरान कुख्यात खान ब्रदर्स के रिश्तेदार ने किया सरेंडर

सीवान || जिले की नगर थाना पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी अयूब-रईस गिरोह से जुड़े बताए जा रहे रिश्तेदार और पुराने आपराधिक मामले के प्राथमिक अभियुक्त समीम असगर के घर कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी. वहीं पुलिस की कार्रवाई के दौरान हीं दबाव में आकर अभियुक्त ने गोपालगंज जिले के थावे थाना में आत्मसमर्पण कर दिया.

बताया जाता है कि प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी सुलोचना की अदालत से निर्गत कुर्की आदेश के आलोक में नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम शहर के पुरानी किला स्थित समीम असगर के घर पहुंची. पुलिस ने घर से सामान बाहर निकलवाकर उसकी सूची तैयार करनी शुरू कर दी थी तथा सामान को पिकअप वाहन पर लोड भी किया जा रहा था. इसी बीच सूचना मिली कि अभियुक्त समीम असगर ने गोपालगंज के थावे थाना में सरेंडर कर दिया है.

नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि वर्ष 2015 के एक मामले में अभियुक्त लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था. न्यायालय से कुर्की का आदेश प्राप्त होने के साथ-साथ पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आज कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जा रही थी, इसी बीच थावे थाना में उसके आत्मसमर्पण किए जाने की सूचना मिली, जिसकी पुष्टि के बाद कुर्की जब्ती की कार्रवाई रोक दी गई है और अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.