Abhi Bharat

कैमूर : चोरों ने रात में तीन घरों को बनाया निशाना, सोना-चांदी व नगदी समेत करोड़ों के माल पर किया हाथ साफ

कैमूर || जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत करमचट थाना क्षेत्र के निशिझा गांव में सोमवार की रात चोरों ने तीन घरों में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी. चोरों ने गांव निवासी रामायण सिंह, शिव बचन सिंह और लक्ष्मीना कुंवर के घरों से करोड़ों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर गांव में हड़कंप मच गया.

पीड़ित रामायण सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे उनकी पत्नी ने घर का मुख्य दरवाजा खुला देख “चोर-चोर” का शोर मचाया. जब वह घर के अंदर पहुंचे तो पीछे का दरवाजा खुला मिला और छत से किसी के कूदने की आवाज सुनाई दी. जांच करने पर पता चला कि घर के तीन कमरों की तिजोरी, गोदरेज और बक्से तोड़कर चोर लगभग 600 से 700 ग्राम सोने के गहने, 700 ग्राम चांदी के बर्तन तथा एक लाख 60 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए. चोरी गए सामान में हार, झुमका, कंगन, अंगूठी, मंगलसूत्र, नथिया, लॉकेट समेत कई कीमती गहने शामिल हैं. पीड़ित ने इसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई है. वहीं दूसरे पीड़ित शिव बचन सिंह के पुत्र शशांक सिंह ने बताया कि पड़ोस में शोर सुनकर परिवार के लोग नीचे आए तो देखा कि कमरों की कुंडी बाहर से बंद थी और मुख्य दरवाजे को कपड़े की रस्सी से बांध दिया गया था. चोर घर में रखी गोदरेज और बक्सों का लॉक तोड़कर करीब 450 ग्राम सोना, 250 ग्राम चांदी और 10 हजार रुपये नगद ले उड़े. साथ हीं दयाद लक्ष्मीना कुंवर के करीब 50 लाख रुपये मूल्य के गहने और नगदी भी चोरी हो गई.

वहीं घटना की सूचना पर करमचट थाना पुलिस, डीआईओ टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की. हालांकि खोजी कुत्ते को कोई सुराग नहीं मिला. थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि पीड़ितों से आवेदन लिया जा रहा है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.