Abhi Bharat

सीवान : दहेज के लिए दामाद बना हैवान, ससुर का गाल दांत से काटा

सीवान || जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र स्थित काला डुमरा गांव में दहेज को लेकर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. तीन लाख रुपये की दहेज मांग पूरी नहीं होने पर दामाद ने अपने ही ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया और दांत से उनका गाल काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.

घायल की पहचान गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शेष परसा गांव निवासी राजदेव प्रसाद के रूप में हुई है. पीड़ित ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री की शादी काला डुमरा निवासी राज किशोर प्रसाद के साथ की थी. शादी के कुछ समय बाद से ही दामाद द्वारा तीन लाख रुपये की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों के अनुसार, आरोपी दामाद ने कर्ज लेकर ट्रैक्टर खरीदा था. इसके बाद से वह लगातार ससुराल पक्ष पर पैसे देने का दबाव बना रहा था. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे रकम देने में असमर्थ थे.

बताया गया कि सोमवार को राजदेव प्रसाद को सूचना मिली कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई है. सूचना मिलने के बाद वे अपनी बेटी की स्थिति जानने उसके ससुराल पहुंचे थे. आरोप है कि वहां पहुंचते ही दामाद और उसके परिजनों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी.।इसी दौरान दामाद ने उनके गाल को दांत से काट लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है. घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. मामले को लेकर पुलिस में शिकायत की तैयारी की जा रही है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.