Abhi Bharat

मोतिहारी : पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर सिंह का निधन, शोक में डूबा बिहार

मोतिहारी/पूर्वी चंपारण || बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व सूबे के वरीय गांधीवादी नेता ब्रजकिशोर सिंह का निधन हो गया है. बुधवार को इलाज के दौरान मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांसें ली.

वे अपने पीछे तीन पुत्र व एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं. 94 वर्षीय पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर सिंह वर्तमान में मोतिहारी स्थित गांधी संग्रहालय के सचिव भी थे.18 जनवरी सन् 1932 को तत्कालीन चंपारण जिले के चैता गांव में नामी अधिवक्ता श्रीनारायण सिंह के घर जन्में ब्रजकिशोर सिंह डॉ जगन्नाथ मिश्र के नेतृत्व वाली प्रदेश की कांग्रेसी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री भी रहे थे. वे जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र से विधायक और बिहार विधान परिषद् के सदस्य भी रहे थे.

1993 से अब तक गांधी संग्रहालय के सचिव की भूमिका निभाने वाले ब्रजकिशोर सिंह सक्रिय राजनीति से अलग होने के बाद गांधीवाद के प्रचार-प्रसार में आजीवन लगे रहे.पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर सिंह का शव उनके मोतिहारी स्थित आवास पर आम जनता के दर्शनार्थ रखा गया है, जहां भारी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.

पूर्व मंत्री के निधन से शोक में डूबा बिहार

वयोवृद्ध कांग्रेसी नेता, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व गांधी संग्रहालय मोतिहारी के सचिव ब्रजकिशोर सिंह के निधन की खबर मिलते हीं चंपारण सहित पूरे बिहार के राजनैतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई. विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने एक शोक संदेश जारी कर पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर सिंह के निधन को कांग्रेस महापरिवार के लिए अपूर्णीय क्षति बतलाया.उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री के निधन से कांग्रेस ने अपना एक समर्पित सिपाही एवं बिहार ने एक ईमानदार जननेता को खो दिया है. वहीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद राधामोहन सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजकिशोर सिंह अपने आप में एक विचारधारा थे. उनके निधन से चंपारण ने अपना एक सच्चा हितैषी खो दिया है. पूर्व मंत्री के निधन पर एमएलसी महेश्वर सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ई शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय, जिला परिषद् की अध्यक्ष ममता राय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, राजद जिलाध्यक्ष व विधायक मनोज कुमार यादव, पूर्व विधायक रामाश्रय सिंह, ढाका-चिरैया के पूर्व विधायक अवनीश कुमार सिंह, पूर्व विधायक बब्लू देव, केसरिया के पूर्व विधायक मो ओबैदुल्लाह, पूर्व विधायक रजिया खातून, केसरिया-कल्याणपुर के पूर्व विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, जेपी सेनानी राय सुंदर देव शर्मा, कांग्रेस नेता शैलेन्द्र कुमार शुक्ला, मो जफरुल्लाह खान, ई रामानंद सिंह पटेल, विनय कुमार उपाध्याय, वीआईपी नेता वरुण विजय, भाजपा नेता मंयकेश्वर सिंह एवं युवा गांधीवादी प्रीतम अग्रवाल ने गहरी संवेदना जताई है. (मधुरेश प्रियदर्शी की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply