सीवान : गुड़गांव सीजेएम कोर्ट में कैदी की पेशी कराकर लौट रहे ट्रेनी दरोगा रविचरण राम समेत कैदी की सड़क दुर्घटना मौ’त, तीन पुलिसकर्मी घायल
सीवान || जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की हरियाणा के गुड़गांव सीजेएम के आदेश पर कोर्ट में पेशी कराकर वापस लौट रहे सीवान पुलिस की टीम सड़क हादसे की शिकार हो गई. जिसमें सीवान के एक ट्रेनी दारोगा रवि चरण राम और कैदी डॉ सीएस तोमर उर्फ छत्रसाल सिंह तोमर की मौ’त हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना यूपी के उन्नाव जिला स्थित लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की है, जहां सभी लोग एक डबल देकर बस पर सवार थे, बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने के कारण यह घटना घटी.

सीवान पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सीवान मंडल कारा में बंद हरियाणा के गुरूग्राम निवासी डॉ सीएस तोमर उर्फ छत्रसाल सिंह तोमर को गुड़गांव सीजेएम कोर्ट के आदेश पर सीवान पुलिस की टीम छत्रसाल को लेकर गुड़गांव गई थी. कोर्ट में पेशी के बाद कैदी को लेकर पुलिस टीम एक डबल डेकर बस से सीवान को लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना में दरोगा रविचरण राम और एक कैदी की मौके पर हीं मौ’त हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गये, जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज किया जा रहा है.
बता दें कि मृतक ट्रेनी दारोगा रवि चरण राम सीवान जिले के महाराजगंज अनुमंडल स्थित महुआरी गांव की निवासी थे. जानकारी के अनुसार, दारोगा रविचरण राम का पार्थिव शरीर सीवान लाया जाएगा, जहां पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी. घटना के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).