Abhi Bharat

छपरा : रामा कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस के सिलेंडर में ब्लास्ट, गैस रिसाव से कई लोग बीमार, लोगों में दहशत

छपरा || शहर के साढ़ा ढाला मोहल्ला स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में गुरुवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया और अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में धुंध जैसी स्थिति बन गई और लोगों में दहशत फैल गई.

स्थानीय लोगों के अनुसार रामा कोल्ड स्टोरेज में हुए इस हादसे के बाद गैस के प्रभाव से लोगों की आंखों में तेज जलन, सांस लेने में कठिनाई और घबराहट की शिकायत होने लगी. हालात बिगड़ते हीं आसपास के लोग अपने घरों को छोड़कर सड़कों पर निकल आए. कई लोगों को उल्टी, चक्कर और बेचैनी की समस्या भी हुई. घटना का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बुजुर्गों पर देखा गया. कई महिलाओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है.

वहीं घटना की सूचना मिलते हीं पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कर दिया. फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा पानी और विशेष रसायनों का छिड़काव कर गैस के प्रभाव को कम करने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित करने के लिए घेराबंदी कर दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रारंभिक जांच में सिलेंडर फटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल, पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि प्रशासन का दावा है कि हालात धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रहे हैं. (छपरा से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply