कैमूर : आकाशीय बिजली की चपेट में आकर किसान की मौत, मवेशी बांधने के दौरान हुआ हादसा
कैमूर / भभुआ || जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के केकड़ा गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई. मृतक की पहचान महेंद्र यादव (55) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है.

मृतक के पुत्र अजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार को क्षेत्र में बारिश हो रही थी. इसी दौरान उनके पिता महेंद्र यादव मवेशियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बांधने के लिए ले जा रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में वे आ गए. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्कान उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया लेकर पहुंचे, अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत का कारण आकाशीय बिजली है या कोई अन्य वजह. ग्रामीणों के अनुसार, महेंद्र यादव गांव के मिलनसार एवं मेहनती व्यक्ति थे. उनकी अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. परिजन प्रशासन से सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).