Abhi Bharat

सीवान : गर्मी में आगलगी की घटना को रोकने और बचाव को लेकर डीएम ने डिजिटल प्रचार रथ को किया रवाना

सीवान || जिले में गर्मी के मौसम में आग लगने की बढ़ती घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की है. इसी क्रम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने समाहरणालय परिसर से डिजिटल प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देगा. इस अवसर पर अपर समाहर्ता एवं अपर जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी भी उपस्थित रहें.

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बढ़ती गर्मी के साथ आग लगने की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, खासकर गेहूं की कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों में आग लगने की घटनाएं चिंताजनक हैं. उन्होंने सभी नागरिकों और किसानों से सतर्कता बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में घर, रसोई और खेत-खलिहान में विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया गया है. लोगों से अपील की गई है कि खाना बनाने के बाद चूल्हे की आग पूरी तरह बुझा दें, बिजली की वायरिंग की समय-समय पर जांच कराएं और ज्वलनशील वस्तुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें. वहीं, खुले में कूड़ा-कचरा या पराली जलाने से बचने की भी सख्त हिदायत दी गई है. किसानों के लिए विशेष रूप से कहा गया है कि वे फसल अवशेष न जलाएं, हार्वेस्टर और थ्रेशर मशीनों की नियमित जांच कराएं तथा खेतों के पास धूम्रपान से बचें. साथ ही, बिजली के तारों के नीचे खड़ी फसल की कटाई प्राथमिकता से करने और किसी भी खराब लाइन की सूचना तुरंत बिजली विभाग को देने को कहा गया है. आग लगने की स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड (101) और आपातकालीन नंबर (112) पर सूचना देने की सलाह दी गई है. छोटी आग को गीले बोरे या मिट्टी से बुझाने का प्रयास करने की बात कही गई है, लेकिन किसी भी स्थिति में स्वयं को जोखिम में न डालने की हिदायत दी गई है.

बता दें कि आगलगी की घटना को रोकने और बचाव के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा सभी प्रखंडों में जागरूकता रथ के साथ-साथ चौपाल कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply