Abhi Bharat

सीवान : नाला निर्माण में मानक के अनुरूप कार्य नहीं कराने की लोगों की शिकायत पर खबर बनाने पहुंचे टीवी न्यूज चैनल के पत्रकार के साथ ठिकेदार ने की बदसलूकी

सीवान || जिले से बड़ी खबर है, जहां रविवार को शहर में करप्शन की शिकायत पर खबर कवरेज करने गए एक टीवी न्यूज चैनल के पत्रकार के साथ दबंगों ने बदसलूकी करते हुए मारपीट की घटना को अंजाम दे दिया. घटना नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल मोड़ बबुनिया रोड की है.

नाला ठिकेदार की गुंडई से पीड़ित कशिश न्यूज के पत्रकार निरंजन कुमार

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर एक बजे के करीब कशिश न्यूज के सीवान जिला रिपोर्टर निरंजन कुमार को हॉस्पिटल मोड़ बबुनिया रोड के रहने वाले कुछ लोगों ने मोबाइल पर फोन कर अपने इलाके में हो रहे नाला निर्माण में ठिकेदार द्वारा मानक के अनुरूप कार्य नहीं कराए जाने की शिकायत की. जिसके बाद निरंजन कुमार अपने कैमरामैन नितिन कुमार के साथ उक्त स्थान पर पहुंचे और नाला निर्माण कार्य का वीडियो बनाने का अपने कैमरामैन को निर्देश दिया. रिपोर्ट के निर्देश के बाद जैसे हीं कैमरामैन नितिन कुमार ने अपना कैमरा ऑन कर वीडियो बनाना शुरू किया तभी बगल के एक दवा दुकान में बैठे नाला निर्माण कार्य करा रहे ठिकेदार अपने चार-पांच सहयोगियों के साथ वहां पहुंच गया और कैमरे पर झपट्टा मारते हुए वीडियो शूट करने से रोक दिया और कैमरामैन और रिपोर्टर को भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए धमकाने लगा. रिपोर्टर निरंजन कुमार ने जब इसका विरोध किया तो ठिकेदार ने उनके ऊपर हाथ चला दिया और बोला कि हम तुम किस चैनल के पत्रकार हो? पहले अपना डिग्री दिखाओ. तब, निरंजन कुमार ने उसे अपने टीवी चैनल कशिश न्यूज का आई-कार्ड, जो उन्होंने अपने गले में लटकाया था, दिखाया. इसपर वह बोला कि तुम जैसे पत्रकारों को हम कुछ नहीं समझते हैं, भाग जाओ यहां से नहीं तो इसी नाले में तुम दोनों को दफन कर ऊपर से जुड़ाई कर देंगे. इसके बाद निरंजन कुमार ने अपने फोन से अन्य पत्रकार साथियों को इसकी सूचना दी.

सूचना मिलने के बाद न्यूज 18 के सीवान संवाददाता मृत्युंजय कुमार सिंह, जी न्यूज के अमित कुमार सिंह, प्रभात खबर के अरविंद कुमार सिंह, हिंदुस्तान के अभिषेक उपाध्याय, दैनिक भास्कर डिजिटल के पुष्कर कुमार, एबीपी न्यूज के सचिन राज, न्यूज इंडिया तक के सरफराज आलम, बिहार न्यूज एक्सप्रेस के परवेज अली एवं मो राज तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे. जिन्हें देखते हीं ठिकेदार निरंजन कुमार और उनके कैमरामैन नितिन कुमार को छोड़ वहां से फरार हो गया. लेकिन, उसके गुर्गे वहां मौजूद रहें. स्थिति को बिगड़ता देख ठिकेदार के गुर्गों ने अपना रंग बदल लिया और तुरंत माफी मांगनी शुरू कर दी. इसी बीच अभी भारत की टीम भी वहां पहुंची. अभी भारत की टीम ने कुछ दूरी पर छिपे ठिकेदार को खोज निकाला और उससे पत्रकार निरंजन कुमार के साथ किए गए बदसलूकी का कारण पूछा तो ठिकेदार ने कहा कि मुझे लगा कि ये कोई यूट्यूबर है, इसीलिए मैने ऐसी हरकत कर डाली. इतने में निरंजन कुमार वहां पहुंच गए, जिन्हें देखने के बाद ठिकेदार फिर उखड़ गया और देख लेने की धमकी देता हुआ वहां से भाग निकला.

अभी भारत के कैमरे से मुंह छिपाता गुंडा ठिकेदार गुड्डू कुमार

वहीं, स्थानीय लोगों की माने तो उक्त ठिकेदार का नाम गुड्डू कुमार है जो अपने आप को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिधवल गांव का निवासी बताता है. लोगों ने बताया कि वह बहुत हीं मनमाने ढंग से काम करा रहा है. नाला निर्माण कार्य के इस्टीमेट के अनुसार वहां कोई काम नहीं हो रहा है और पूछने पर सबको धमकाता है. लोगों का कहना है कि वह अपने आप को एक दबंग आदमी बताता है और कहता है कि मेरा कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता, जिसको जहां मन हो, वह जाकर मेरे खिलाफ शिकायत कर सकता है, मैं अपनी मर्जी से हीं कार्य कराउंगा. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.