सीवान : जीरादेई लूटकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों घुटनों में लगी गोली
सीवान || पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित सोना दुकान में हुए करीब 20 लाख रुपये की लूटकांड के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की गोली आरोपी के दोनों घुटनों को आरपार कर गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पुलिस सुरक्षा में पटना भेजा गया है.

घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी श्रीनिवास सिंह के 26 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, अंकित कुमार सिंह छः मई को जामापुर बाजार स्थित एक आभूषण दुकान में हुई बड़ी लूट की घटना में शामिल था. बताया जा रहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई. इसी दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेज दिया.
वहीं घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है. पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच एवं अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).