Abhi Bharat

भागलपुर : सुल्तानगंज नगर परिषद में दिनदहाड़े नप ईओ कृष्ण भूषण कुमार की गोली मारकर ह’त्या, नप सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने की दो अपराधियों की पहचान

भागलपुर || जिले से बड़ी खबर है, जहां मंगलवार को बेखौफ अपराधियों ने दिन-दहाड़े सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर गोलीबारी करते हुए नप ईओ कृष्ण भूषण कुमार की ह’त्या कर डाली जबकि नप सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से नगर परिषद कार्यालय से निकल फरार हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम चार बजे के करीब सुल्तानगंज नगर परिषद में सैरात और हाट की बंदोबस्ती चल रही थी, उसी वक्त तीन की संख्या में अपराधी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के चैंबर में पिस्टल लहराते हुए घुस गए. हथियार के साथ कार्यालय कक्ष में घुसे अपराधियों को देख नप ईओ कृष्ण भूषण कुमार ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी, जिससे वे नीचे गिर गए. वहीं अपराधियों वहां मौजूद नगर परिषद सभापति राजकुमार गुड्डू पर भी तीन-चार गोलियां दागी, जिससे वे भी घायल होकर गिर पड़े. इसके बाद तीनों अपराधी हथियार लहराते हुए वहां से भाग खड़े हुए.

घटना के बाद नगर परिषद में अफरातफरी मच गई और आनन-फानन में दोनों को सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया. जहां उनकी हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मायागंज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. मायागंज अस्पताल जाते समय नप ईओ कृष्ण भूषण कुमार की रास्ते में हीं मौ’त हो गई, जबकि नप सभापति राजकुमार गुड्डू का इलाज चल रहा है. उनकी हालत भी काफी गंभीर बताई जा रही है. वहीं पुलिस की माने तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो अपराधियों की पहचान कर ली गई है. अपराधी लोकल हीं बताए जा रहें हैं. फिलवक्त, पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply