कैमूर : कुदरा पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, ट्रांसफार्मर केबल चोरी मामले में लापरवाही के आरोप
कैमूर / भभुआ || जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर लोग सवाल उठने लगे हैं. ताजा मामला कुदरा थाना क्षेत्र के गोलउडीह स्थित सैनिक मिनी राइस मिल का है, जहां चोरों ने ट्रांसफार्मर की केबल काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं होने के बावजूद पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है.

मिली जानकारी के अनुसार, डिहरा गांव निवासी एवं राइस मिल मालिक सुभाष सिंह ने बताया कि दिनांक 30 मई 2026 की रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा उनकी मिल परिसर में लगे ट्रांसफार्मर की केबल काटकर चोरी कर ली गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की खोजबीन शुरू की गई इसके बाद 31 मई 2026 की शाम लगभग 4 बजे एक संदिग्ध चोर को पकड़ लिया गया, जिसे तत्काल 112 पुलिस को सूचना देकर उनके हवाले कर दिया गया. बताया जाता है कि पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति ने इस चोरी में शामिल अन्य लोगों के नाम भी बताए. आरोप के अनुसार, उसने भिखर चौधरी पिता विजेंद्र चौधरी, गुड्डू चौधरी पिता कमलेश चौधरी तथा शशिकांत चौधरी पिता सिंहासन चौधरी का नाम घटना में शामिल होने की बात कही. हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
वहीं एसी एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड प्लांट के सिविल प्रोजेक्ट मैनेजर अशोक कुमार पाठक ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि इसी प्रकार की चोरी की घटनाएं उनके प्लांट परिसर में कई बार हो चुकी हैं. इस संबंध में पूर्व में कुदरा थाना में लिखित आवेदन भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस या कठोर कार्रवाई नहीं की गई. अशोक कुमार पाठक ने कहा कि चोरी की लगातार घटनाओं के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय व्यवसायियों और उद्योग संचालकों ने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर आम लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं आगे भी जारी रह सकती हैं, अब सबकी निगाहें कुदरा पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).