सीवान : पिकअप की टक्कर से पुलिस गश्ती वाहन पलटा, एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल
सीवान || जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक सड़क हादसे में पुलिस गश्ती दल की गाड़ी पलट गई. जिसमें एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

बताया जाता है कि देर रात एक तेज रफ्तार पिकअप ने पुलिस की थार गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. इस दुर्घटना में एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए.
घटना जीरादेई थाना क्षेत्र के खरगी रामपुर गांव के समीप स्थित तिराहे पर रात करीब 1:30 बजे हुई. उस समय पुलिस गश्ती दल की थार गाड़ी तिराहे पर खड़ी थी और पुलिसकर्मी इलाके में निगरानी कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पुलिस की गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में घायल सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि वे नियमित गश्त के दौरान खरगी रामपुर तिराहे पर वाहन खड़ा कर इलाके की निगरानी कर रहे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने अचानक टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पलट गई और वे कुछ समय के लिए बेहोश हो गए. होश आने के बाद उन्होंने किसी तरह खुद और अन्य जवानों को वाहन से बाहर निकाला.
वहीं घटना की सूचना मिलते हीं जीरादेई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.
मामले की जानकारी मिलते हीं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना पुलिस वाहन के चालक की लापरवाही के कारण हुई प्रतीत होती है. उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वहां दिन में भी अधिक ट्रैफिक नहीं रहता, ऐसे में रात के समय इतनी तेज रफ्तार से वाहन का आना संदिग्ध प्रतीत होता है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).
Comments are closed.