Abhi Bharat

सीवान : भाजपा नेता मनोज सिंह के बहनोई और भांजे पर गोली चलाने वाले को पुलिस ने एनकाउंटर कर पकड़ा, रोडरेज में घटी थी घटना

सीवान || जिले की पुलिस ने पूर्व एमएलसी और भाजपा नेता सह कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह और भांजे हर्ष सिंह के साथ बुधवार को हुई गोलीकांड का पटाक्षेप करते हुए शूटआउट के मुख्य आरोपी को एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने यह उपलब्धि घटना के महज आठ घंटे के अंदर हासिल कर ली.

शूटआउट में घायल चंदन सिंह और उनके मृतक पुत्र हर्ष सिंह की फाइल फोटो

बताया जाता है कि बुधवार की शाम साढ़े छः बजे के करीब नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला ओवरब्रिज के नीचे एक तिलक समारोह में जा रहे चंदन सिंह और उनके पुत्र हर्ष सिंह की कार में सामने से आ रहे एक कार चालक ने क्रॉसिंग के दौरान कार सटा कर पास किया, जिससे चंदन सिंह की कार में स्क्रैच आ गया. जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी होने लगी. इसी दौरान कार से निकल कर एक युवक ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी, जिससे चंदन सिंह और हर्ष सिंह दोनों गोली लगने से घायल होकर वहीं गिर पड़े. घटना के बाद आरोपी अपनी कार में बैठ वहां से भाग निकले. वहीं स्थानीय लोगों द्वारा घायल चंदन सिंह और हर्ष सिंह को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हर्ष सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंदन सिंह को पटना रेफर कर दिया गया. उधर, शूटआउट का घटनास्थल पर किसी ने वीडियो बना लिया था, जो कि थोड़ी हीं देर में पूरे सोशल मीडिया में वायरल हो गया.

पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल शूटआउट का मुख्य आरोपी छोटू यादव

शूटआउट के वायरल वीडियो से पुलिस को काफी सहायता मिली और सीवान एसपी पूरन कुमार झा के निर्देश पर पुलिस की गठित टीम ने वीडियो के मार्फत कार के नंबर की जांच की, जो हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी हीरालाल यादव की बताई गई. अनुसंधान के क्रम में पता चला कि कार हीरालाल यादव पुत्र छोटू यादव अपने तीन दोस्तों के साथ लेकर गया था. पुलिस ने रात के ढ़ाई से तीन बजे के करीब छोटू यादव के घर छापेमारी कर उसे पकड़ लिया. जहां उसने अपना अपराध स्वीकार किया. वहीं उसने घटना में प्रयुक्त हथियार को पुलिस के हवाले करने की बात कहते हुए घर से हथियार लाने गया, लेकिन हथियार लेकर लौटने पर उसे पुलिस के हवाले करने के बजाय उससे पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाई जिसमें से दो गोली उसके दोनों पैरों में जा लगी. उसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर सीवान लाई, जहां इलाज हेतु उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलवक्त, पुलिस कार में बैठे छोटू यादव के अन्य तीन साथियों की धड़ पकड़ के लिए छापेमारी में कर रही है. (सीवान से लव प्रताप सिंह के साथ ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply