सीवान : श्रीराम कथा के लिए नगर में निकली जागरण यात्रा, पंपलेट और कैलेंडर का हुआ विवरण
सीवान || अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से 8 मार्च से 16 मार्च तक होने वाली श्री राम कथा के लिए जागरण यात्रा यात्रा निकाली गई. इसमें श्रीराम कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉक्टर राजन कल्याण सिंह, स्वागताध्यक्ष डॉक्टर शरद चौधरी, संयोजक रूपेश कुमार के साथ समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए.
श्रीराम कथा के प्रचार प्रसार हेतु जागरण यात्रा नगर के तरवारा मोड़ से निकली राजेंद्र पथ, बाबुनिया मोड़, जे पी चौक, मालवीय चौक होते हुए वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण तक पहुंची. इस दौरान श्रीराम कथा आयोजन समिति के सदस्यों ने नगरवासियों को पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से 8 मार्च से 16 मार्च तक होनेवाली श्रीराम कथा के श्रवण हेतु पधारने का निमंत्रण दिया. नगर से गुजरते श्रद्धा के कारवां को देख नगरवासियों ने भी उत्सुकतापूर्व श्रीराम कथा के आयोजन के बारे में जानकारी हासिल किया.
श्रीराम कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ राजन कल्याण सिंह ने बताया कि पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से नगर के वी एम इंटर कॉलेज के प्रांगण में 08 मार्च से 16 मार्च तक संगीतमय, लालित्यपूर्ण, रसमयी श्रीराम कथा का आयोजन होना है. हम नगरवासियों से कथा के निमित्त उपस्थिति के लिए निवेदन और सहयोग की कामना कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस बार श्रीराम कथा के दौरान पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रसारित करने के लिए पंच पल्लव के पौधे को भी आगत अतिथियों को दिया जाना है. स्वागताध्यक्ष डॉक्टर शरद चौधरी ने कहा कि पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से पावन श्रीराम कथा का श्रवण एक अदभुत आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति देता है. उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा समाज का आयोजन है जो समाज के सहयोग से ही और प्रभु श्री राम की अहैतुक कृपा से ही होना है. संयोजक डॉक्टर रूपेश कुमार ने कहा कि श्रीराम कथा के एक दिन पूर्व सात मार्च को कलश यात्रा भी निकलनी है, जिसमें नगर की मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. उन्होंने बताया कि वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में पांडाल लगना शुरू हो गया है और सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं. श्रीराम कथा आयोजन समिति के सदस्यों ने जागरण यात्रा के दौरान पंपलेट और कैलेंडर भी वितरित किया. (ब्यूरो रिपोर्ट).
Comments are closed.