कैमूर : भाई की शादी से पति के साथ घर लौट रही महिला को ट्रक ने रौंदा, पति और बच्चों के सामने तोड़ा दम
कैमूर / भभुआ || भभुआ सारंगपुर मोड़ के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई. यह घटना सोमवार दोपहर की बताई जाती है, मृतक महिला की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के अमाव गांव निवासी रामानंद राम की 24 वर्षीय पत्नी फूल कुमारी देवी के रूप में हुई. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

घटना के संबंध में मृतका के पति रामानंद राम ने बताया कि भभुआ प्रखंड के झिंगई डिहरा गांव में पत्नी के ननिहाल में हमलोग आए थे. जहां रविवार को पत्नी फूल कुमारी देवी के अपने मामा भोलाराम के लड़का प्रवीण कुमार की शादी थी. वही शादी समारोह बीत जाने के बाद आज सोमवार बाइक से अपनी पत्नी और दो बेटा के साथ में झिंगई डिहरा गांव से अपने घर के लिए जा रहे थे, तभी भभुआ सुअरा नदी सारंग मोड़ के पास एक ट्रक में साइड लेने के दौरान बाइक के हैंडल में टक्कर मार दिया. इस सड़क हादसा में फूल कुमारी देवी बाइक से ट्रक के नीचे गिर गई, जबकि वे और दो बच्चे दूसरे साइड में गिर गए. इस हादसे में पति और बच्चों के सामने महिला की मौ’त हो गई.
वहीं घटना के बाद तुरंत आनन फानन में पति द्वारा पत्नी को सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन महिला को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. फिर पुलिस को सूचना की गई. पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है. पति ने बताया कि दो पुत्रों में एक सात वर्षीय रविरंजन कुमार एवं तीन वर्षीय रामप्रवेश कुमार हैं. उन दोनों बच्चों के सर से मां का साया उठ गया. घटना के बाद दोनों बच्चों सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).