Abhi Bharat

गोपालगंज : भाई हीं निकला गोलीकांड का मास्टरमाइंड, जमीन विवाद में रची ह’त्या की साजिश

गोपालगंज || जिले की पुलिस ने मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना जगरनाथ गांव में हुए चर्चित गोलीकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल युवक की हत्या की साजिश उसके अपने हीं सगे भाई ने रची थी. इतना हीं नहीं, वारदात के बाद पूरे मामले में पड़ोसियों को फंसाने की भी योजना बनाई गई थी.

मिली जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना जगरनाथ (तोताराम टोला) निवासी जंग बहादुर यादव के पुत्र संतोष कुमार अपने घर के बाहर सो रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए, गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और हमलावर मौके से फरार हो गए थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार तिवारी के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया. हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, मीरगंज थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस को पूछताछ के दौरान कई बयानों में विरोधाभास मिले, जिसके बाद जांच की दिशा परिवार के भीतर की ओर मुड़ गई.

वहीं पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण घायल युवक का भाई उसे रास्ते से हटाना चाहता था. इसके लिए उसने कथित तौर पर भाड़े के अपराधियों से संपर्क कर पूरी साजिश तैयार की थी. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भाई की योजना केवल अपने भाई को हटाने तक सीमित नहीं थी. वह अपने पुराने विरोधी पड़ोसियों को भी इस मामले में फंसाना चाहता था, ताकि जमीन पर कब्जा करने के साथ-साथ दुश्मनों को कानूनी जाल में फंसाया जा सके. एसपी विनय कुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन किया गया है. पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता और उसके सहयोगियों की पहचान कर ली है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को फंसने नहीं दिया जाएगा और जल्द ही मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी. (गोपालगंज से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply