सीवान : मैरवा में एसटीएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ तीन गिरफ्तार
सीवान || जिले के मैरवा थाना क्षेत्र में जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एयर गन और कारतूस समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को मैरवा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के इंगलिश गांव निवासी इसरार खान एवं मोजाहिदीन खान के घर में भारी मात्रा में अवैध हथियार रखा गया है तथा उसकी खरीद-बिक्री की तैयारी की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए मैरवा थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त ठिकाने पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवकों की पहचान इंगलिश गांव निवासी इसरार खान, मोजाहिदीन खान तथा अहमद रजा खान के रूप में हुई है. वहीं तीनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्टल, एक एयर गन, दो पिस्टल मैगजीन, 27 जिंदा कारतूस, छः खोखा, तीन मोबाइल फोन, एक कार एवं चार मोटरसाइकिल बरामद किया.
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरी कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में मैरवा थाना में बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है. इस छापेमारी अभियान में मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष संतोष कुमार जायसवाल, आसूचना जिला इकाई तथा एसटीएफ की टीम शामिल रही. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).