Abhi Bharat

सीवान : रेलवे स्टेशन पर लावारिश पड़े दो बैग से 12.450 किलो गांजा बरामद

सीवान || रेलवे स्टेशन परिसर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी, सीपीडीएस टीम और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है. प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर लावारिस हालत में पड़े दो पिठ्ठू बैगों से कुल 12.450 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर जीआरपी सीवान के प्रभारी निरीक्षक विकास कुमार आजाद तथा आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पूर्वी छोर स्थित नए फुट ओवरब्रिज के पास दो लावारिस बैग दिखाई दिए, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. मौके पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों बैगों को खोला गया, जिसमें भूरे रंग के टेप से लिपटे छह पैकेट बरामद हुए. जांच में सभी पैकेटों में गांजा पाया गया. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पूरे माल को जब्त कर लिया गया.

इस मामले में जीआरपी थाना सीवान में कांड संख्या 93/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(B) के तहत अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. साथ हीं सीसीटीवी फुटेज की जांच कर तस्करों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास कुमार आजाद, सउनि राजेंद्र सिंह, सउनि शैलेंद्र कुमार पांडेय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव, सुबाष यादव, श्रवण कुमार और भूपेंद्र कुमार की अहम भूमिका रही. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply