Abhi Bharat

सीवान : बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस में यात्री का मोबाइल चुराकर भाग रहा चोर गिरफ्तार

सीवान || बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस में रेल यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले एक शातिर चोर को आरपीएफ, जीआरपी और क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड (सीपीडीएस) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किया गया करीब 30 हजार रुपये मूल्य का रेडमी मोबाइल भी बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नया किला वार्ड-12 निवासी शकील अहमद के पुत्र 20 वर्षीय इमरान के रूप में हुई है. बताया जाता है कि आरोपी ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था. मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देश पर निरीक्षक ट्रेन स्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर और प्रभारी निरीक्षक सीवान के नेतृत्व में मंगलवार को सीपीडीएस टीम, आरपीएफ पोस्ट सीवान, ट्रेन स्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर पूर्व तथा जीआरपी सीवान की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में सघन गश्त कर रही थी. इसी दौरान गाड़ी संख्या 11124 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर पहुंचने के दौरान कोच एस-4 के बर्थ संख्या 66 पर यात्रा कर रहे यात्री मुकेश कुमार मुखिया का मोबाइल चोरी कर भाग रहे युवक को टीम ने मौके पर ही दबोच लिया.

वहीं पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह छपरा-भटनी रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में घूमकर यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी करता था. बरामद रेडमी मोबाइल की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई में सीपीडीएस टीम के सब इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सब इंस्पेक्टर मयंक भूषण तिवारी, कांस्टेबल विजय यादव सहित अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply