छपरा : सीवान के राजस्व कर्मचारी को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
छपरा || सीवान जिले के भगवानपुर प्रखंड में कार्यरत राजस्व कर्मचारी असलम अंसारी को अपराधियों ने गोली मार दी. घटना छपरा जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र स्थित मोती छपरा नहर के समीप की बताई जा रही है. गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, असलम अंसारी ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजस्व कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
वहीं सूचना मिलते हीं पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी. पुलिस अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. फिलहाल, गोली मारने के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. (छपरा से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).